राजस्थान में गर्मी बरकरार, पिलानी में पारा 41°C:जैसलमेर, चूरू, श्रीगंगानगर में तापमान सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा, जानें- इस हफ्ते कैसा रहेगा मौसम
राजस्थान में मानसून की विदाई के बाद से गर्मी बढ़ गई है। रविवार को सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान पिलानी (झुंझुनूं) में 41 डिग्री सेल्सियस रहा। जैसलमेर, चूरू, श्रीगंगानगर, बीकानेर, बाड़मेर में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री तक ऊपर दर्ज हुआ। इन पश्चिमी जिलों में दिन में तेज गर्मी रही। अलवर, टोंक, जयपुर, सीकर, करौली समेत पूर्वी जिलों में भी तापमान सामान्य से ऊपर रहा। मौसम विभाग ने राज्य में अगले एक सप्ताह मौसम ड्राई रहने और धूप निकलने की संभावना जताई है। पिछले 24 घंटे का मौसम देखें तो राज्य के सभी जिलों में धूप रही। रविवार को श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 40.6, चूरू में 40.2, बीकानेर में 40.1, जैसलमेर में 39.7, बाड़मेर में 39.1, जोधपुर में 38.7, टोंक में 38.6, चित्तौड़गढ़ व अलवर में 38.2 और फलोदी में 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पश्चिमी जिलों में जहां तापमान दिन 38 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दर्ज हुआ, वहां गर्म हवा चली। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक राजस्थान और पकिस्तान की सीमा पर एंटी साइक्लोन बनने से दिन में सतही स्तर पर 20 से 30 किलोमीटर स्पीड से गर्म हवा चल रही है। रात में ठंडक बढ़ी, माउंट आबू में पारा 15 डिग्री से नीचे आया दिन में पश्चिमी जिलों में तेज गर्मी है, जबकि उदयपुर, सिरोही, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, पाली, टोंक, भीलवाड़ा में रात में ठंडक बढ़ गई। इन शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे दर्ज हो रहा है। रविवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान हिल स्टेशन माउंट आबू में 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। माउंट आबू में देर शाम से सुबह तक गुलाबी सर्दी पड़नी शुरू हो गई। अब आगे क्या? मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, आज से राज्य में मौसम ड्राई रहेगा और धूप रहेगी। हालांकि तापमान में कोई खास परिवर्तन देखने को नहीं मिलेगा। दिन में अधिकांश शहरों का तापमान 30 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हो सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 18 से 25 डिग्री के बीच दर्ज होने की संभावना है। राजस्थान के प्रमुख जिलों में मौसम का हाल जयपुर में दिन में तेज धूप, गर्मी बरकरार है। रविवार को पूरे दिन आसमान साफ रहा। अधिकतम तापमान 37.5 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग की मानें तो जयपुर में अगले पांच दिन मौसम ड्राई रहने का अनुमान है। कोटा में अधिकतम तापमान लगातार बढ़ रहा है। रविवार को दिनभर धूप रही। वहीं, अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री से बढ़कर 36.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री रहा। इस बार अक्टूबर के पहले सप्ताह में तेज गर्मी और उमस से लोग अब भी बेहाल हैं। मौसम विभाग के अनुसार आगामी एक सप्ताह तक मौसम ड्राई रहने की संभावना है। अजमेर में रविवार को दिनभर मौसम साफ रहा। धूप के कारण गर्मी बनी रही। अधिकतम तापमान 35.8 और न्यूनतम 21.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सीकर में रविवार को पूरे दिन मौसम साफ रहा। यहां न्यूनतम तापमान 20 और अधिकतम 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सीकर में पिछले करीब तीन-चार दिन से रात में हल्की ठंडक है। अलवर में रविवार को सुबह से मौसम सामान्य बना रहा। दिन के समय तेज धूप निकलने से गर्मी का असर रहा। अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह और शाम को हल्की ठंडक महसूस होने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 7 दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। उदयपुर में रविवार को मौसम ड्राई रहा। दिनभर मौसम साफ रहा। उदयपुर का अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 19.0 डिग्री सेल्सियस रहा। शनिवार के मुकाबले रविवार को उदयपुर के तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। उदयपुर में दिन के समय गर्मी का असर बना रहा। वहीं, रात और सुबह के तापमान में अपेक्षाकृत राहत रही। जोधपुर में अक्टूबर की शुरुआत के साथ गर्मी का असर लगातार बना हुआ है। पिछले कुछ दिन से पारा 38 डिग्री के आसपास चल रहा है। रविवार को अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.1 डिग्री ज्यादा है।
स्रोत: Bhaskar
संबंधित खबरें

राजस्थान
हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत तिरंगा रैली का हुआ आयोजन
जिला प्रशासन के अधिकारियों कर्मचारियों सहित आमजन ने भी लिया भाग

राजस्थान
प्रकोष्ठ प्रभारियों की बैठक आयोजित
पंचायत एवं निकाय चुनावों के संबंध में प्रकोष्ठ प्रभारियों की बैठक का आयोजन हुआ।

राजस्थान
अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति योजना का शुभारंभ
जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति योजना का विमोचन एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम...

राजस्थान
आगामी स्वाधीनता दिवस की तैयारियों के संबंध में जिला कलेक्टर ने की समीक्षा
150 वर्ष पूर्ण होने पर कार्यक्रमों की सेल्फी हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड करने एवं अन्य को भी प्रेरित करने की बात कही।
कमेंट