एसीपी प्रकरण लंबित करने से शिक्षकों में रोष
लंबित प्रकरणों की उच्चस्तरीय जांच करवाने की मांग

सिरोही।
जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक शिक्षा कार्यालय में शिक्षकों के एसीपी (Assured Career Progression) प्रकरण महीनों से लंबित रहने को लेकर कर्मचारियों में रोष बढ़ता जा रहा है। वरिष्ठ कर्मचारी नेता गोपाल सिंह राव पोसालिया ने आरोप लगाया कि एसीपी प्रकरण कार्यालय में पहुंचने के बाद यदि कोई कमी या आपत्ति होती है तो उसकी सूचना संबंधित अधिकारी अथवा कर्मचारी को लिखित रूप में स्पष्ट रूप से उपलब्ध नहीं करवाई जाती। इसके बजाय कर्मचारियों को एक-एक कमी बताकर बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। वरिष्ठ शिक्षक गोपाल सिंह राव ने बताया कि जिन कर्मचारियों को 9 वर्ष एवं 18 वर्ष की एसीपी का लाभ मिल चुका है, उनके 27 वर्ष की एसीपी के प्रकरणों में भी आपत्तियां लगाकर उन्हें लंबित किया जा रहा है। इससे कर्मचारियों को आर्थिक एवं मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने कहा कि एसीपी प्रकरणों के निस्तारण में अनावश्यक देरी और बार-बार आपत्तियां लगाने की प्रक्रिया को लेकर कर्मचारियों में भ्रष्टाचार की आशंका भी उत्पन्न हो रही है। उन्होंने मांग की कि लेखाकार तथा कार्यालय के प्रभारी अधिकारी के कार्यकाल में लंबित रहे एसीपी प्रकरणों की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच किसी सक्षम विभागीय अधिकारी से करवाई जाए, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके। शिक्षक नेता राव ने जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक शिक्षा से पूरे मामले का तत्काल संज्ञान लेकर कर्मचारियों के हित में पारदर्शी एवं समयबद्ध प्रक्रिया अपनाने तथा लंबित एसीपी प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करवाने की गुहार की।वहीं राजस्थान राज्य कर्मचारी महासंघ (भामसं) के जिला अध्यक्ष दशरथ सिंह भाटी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शिक्षकों को अनावश्यक रूप से परेशान करने और एसीपी प्रकरणों को लंबित रखने का सिलसिला जारी रहा तो महासंघ के बैनर तले आंदोलनात्मक कदम उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के जायज सेवा संबंधी अधिकारों में अनावश्यक बाधा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।कर्मचारियों ने मांग की है कि सभी लंबित एसीपी प्रकरणों की समीक्षा कर आपत्तियों को लिखित रूप में स्पष्ट किया जाए और पात्र शिक्षकों को नियमानुसार उनका लाभ शीघ्र प्रदान किया जाए। न्याय नहीं मिला तो दोषी अधिकारियों कर्मचारियों की शिकायत महासंघ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, राज्य मंत्री ओटाराम देवासी,सांसद लुम्बाराम चौधरी व जिला कलेक्टर सिरोही को करेंगे।
संबंधित खबरें

हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत तिरंगा रैली का हुआ आयोजन
जिला प्रशासन के अधिकारियों कर्मचारियों सहित आमजन ने भी लिया भाग

प्रकोष्ठ प्रभारियों की बैठक आयोजित
पंचायत एवं निकाय चुनावों के संबंध में प्रकोष्ठ प्रभारियों की बैठक का आयोजन हुआ।

अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति योजना का शुभारंभ
जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति योजना का विमोचन एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम...

आगामी स्वाधीनता दिवस की तैयारियों के संबंध में जिला कलेक्टर ने की समीक्षा
150 वर्ष पूर्ण होने पर कार्यक्रमों की सेल्फी हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड करने एवं अन्य को भी प्रेरित करने की बात कही।
कमेंट