ऊड में नालसा की 60 दिवसीय मेगा ड्राइव
ऊड में विधिक जागरूकता कैम्प, ग्रामीणों व विद्यार्थियों को दी कानून और निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी

सिरोही, 25 अगस्त। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सिरोही के निर्देशानुसार राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) की 60 दिवसीय मेगा ड्राइव के तहत चयनित ग्राम ऊड में विधिक जागरूकता कैम्प आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती सावित्री आनंद निर्भीक ने कैम्प में ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को विभिन्न विधिक सेवाओं और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
सचिव ने बताया कि मेगा ड्राइव का उद्देश्य ग्रामीण एवं वंचित क्षेत्रों के पात्र व्यक्तियों तक निःशुल्क विधिक सहायता एवं न्याय तक पहुंच सुनिश्चित करना तथा उन्हें संबंधित विधिक एवं कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है। अभियान के तहत चयनित गांवों में साप्ताहिक कैम्प आयोजित कर पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें आवश्यक विधिक सेवाओं से जोड़ा जा रहा है।
कैम्प में NALSA Shiksha Scheme 2026, NALSA Spruha Scheme 2025, NALSA Samvad Scheme, NALSA Dawn Scheme, बाल-अनुकूल विधिक सेवाएं, मानसिक बीमारी एवं बौद्धिक दिव्यांगता से ग्रस्त व्यक्तियों, वरिष्ठ नागरिकों, श्रमिकों तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष के पीड़ितों के लिए विधिक सेवाओं सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही वीर परिवार सहायता योजना एवं गरीबी उन्मूलन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में भी जागरूक किया गया।
ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को बाल विवाह की रोकथाम, बच्चों के अधिकार, महिला एवं बाल सुरक्षा, निःशुल्क विधिक सहायता तथा साइबर अपराध से सुरक्षा सहित आवश्यक कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। बाल विवाह उन्मूलन के लिए NALSA द्वारा निर्धारित ASHA SOP सहित विभिन्न विधिक सहायता संबंधी SOPs के बारे में भी बताया गया।
अधिकारियों एवं विद्यालय प्रधानाचार्यों के साथ बैठक
इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सिरोही कार्यालय में सचिव श्रीमती सावित्री आनंद निर्भीक की अध्यक्षता में ग्राम ऊड के सरपंच, ग्राम विकास अधिकारी, पटवारी एवं दोनों राजकीय विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेगा ड्राइव के तहत आगामी कार्यक्रमों तथा विशेष रूप से विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए आयोजित किए जाने वाले विधिक जागरूकता कार्यक्रमों की कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
बैठक में सरपंच डुंगाराम मेघवाल, ग्राम विकास अधिकारी भरत कुमार नागर, पटवारी अशोक मेघवाल, महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय के प्रधानाचार्य रघुवीर सिंह तथा शांतिनाथ राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य विपिन डाबी उपस्थित रहे।
सचिव ने विद्यालय प्रधानाचार्यों से कहा कि विद्यार्थियों को उनकी आयु एवं आवश्यकता के अनुरूप सरल भाषा में बाल अधिकार, बाल विवाह निषेध, शिक्षा का अधिकार, नशे से बचाव, साइबर अपराध से सुरक्षा, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में जागरूक किया जाए। विद्यार्थियों के माध्यम से विधिक जागरूकता को उनके परिवारों एवं पूरे गांव तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में ग्राम के पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता एवं संबंधित योजनाओं का लाभ दिलाने तथा PLVs के माध्यम से लाभार्थियों का फॉलोअप करने पर भी चर्चा हुई। चयनित ग्राम में Village Legal Aid Clinic को प्रभावी बनाने और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार योजनाओं को प्राथमिकता देने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
सचिव श्रीमती सावित्री आनंद निर्भीक ने कहा कि मेगा ड्राइव का उद्देश्य केवल लोगों को कानून की जानकारी देना नहीं, बल्कि जरूरतमंद व्यक्ति की पहचान कर उसे उचित विधिक सहायता दिलाना और पात्र लाभार्थी को संबंधित सरकारी एवं NALSA योजना से जोड़कर उसका वास्तविक लाभ सुनिश्चित करना है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं विद्यालय प्रशासन से अभियान को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहयोग एवं समन्वय की अपील की।
संबंधित खबरें

हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत तिरंगा रैली का हुआ आयोजन
जिला प्रशासन के अधिकारियों कर्मचारियों सहित आमजन ने भी लिया भाग

प्रकोष्ठ प्रभारियों की बैठक आयोजित
पंचायत एवं निकाय चुनावों के संबंध में प्रकोष्ठ प्रभारियों की बैठक का आयोजन हुआ।

अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति योजना का शुभारंभ
जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति योजना का विमोचन एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम...

आगामी स्वाधीनता दिवस की तैयारियों के संबंध में जिला कलेक्टर ने की समीक्षा
150 वर्ष पूर्ण होने पर कार्यक्रमों की सेल्फी हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड करने एवं अन्य को भी प्रेरित करने की बात कही।
कमेंट