देव नगरी रामसीन में विश्वकर्मा वंश सुथार समाज ने रचा इतिहास
जालोर-भीनमाल क्षेत्र का आधुनिक सुविधाओं से युक्त पहला हाईटेक सभा भवन बना समाज की एकता और सामूहिक सहयोग का प्रतीक

देव नगरी रामसीन में विश्वकर्मा वंश सुथार समाज ने रचा इतिहास, 100×120 फीट का भव्य पिलरलेस सभा भवन समाज को किया समर्पित
जालोर-भीनमाल क्षेत्र का आधुनिक सुविधाओं से युक्त पहला हाईटेक सभा भवन बना समाज की एकता और सामूहिक सहयोग का प्रतीक
संवाददाता रामलाल वी. सुथार | रामसीन
देव नगरी रामसीन की पावन धरा पर श्री विश्वकर्मा वंश सुथार समाज ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए समाज के लिए भव्य एवं आधुनिक सभा भवन का निर्माण करवाया है। समस्त विश्वकर्मा वंश सुथार समाज, लूका परगना रामसीन की ओर से श्री विश्वकर्मा वंश सुथार विकास संस्था के तत्वावधान में श्री विश्वकर्मा मंदिर स्थल पर निर्मित इस भव्य भवन का नाम श्री विश्वकर्मा प्रभु भवन रखा गया है।
भवन का शुभ मुहूर्त 11 नवंबर, बुधवार को सुबह समाज के सैकड़ों समाजबंधुओं की उपस्थिति में विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर सिद्धेश्वर महादेव धाम भीनमाल के महंत श्री श्री 1008 सनातन गिरी जी महाराज तथा भेरुनाथ धाम बागरा के महंत श्री श्री 1008 योगीराज श्री विक्रम नाथ जी महाराज के पावन सान्निध्य एवं करकमलों से शुभारंभ किया गया।

100×120 फीट का विशाल पिलरलेस हॉल है मुख्य आकर्षण
नवनिर्मित भवन की सबसे बड़ी विशेषता इसका 100×120 फीट का विशाल सभा हॉल है, जिसमें बीच में एक भी खंभा नहीं है। आधुनिक आर्च रूफिंग सिस्टम के तहत घुमावदार प्रोफाइल मेटल रूफिंग शीट से छत का निर्माण किया गया है। इससे हॉल को विशाल और आकर्षक स्वरूप मिला है।
हॉल में लगभग 20 फीट व्यास के विशाल HVLS (High Volume Low Speed) पंखे लगाए गए हैं, जो धीमी गति से घूमते हुए बड़े क्षेत्र में हवा का बेहतर संचार करते हैं। इसके अलावा भवन में आधुनिक वॉशरूम एवं शौचालय, मंच के समीप स्टोर रूम तथा आकर्षक हाई-प्रोफाइल लाइटिंग सहित अनेक सुविधाएं विकसित की गई हैं।

आधुनिक तकनीक और सुविधाओं से युक्त यह भवन जालोर-भीनमाल क्षेत्र में अपनी तरह की विशेष उपलब्धि माना जा रहा है। यहां समाज के धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों का आयोजन सुगमता से किया जा सकेगा।
प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान कर बढ़ाया उत्साह
शुभ मुहूर्त के दूसरे दिन 12 नवंबर, गुरुवार को समाज की ओर से प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाज के होनहार विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। उन्हें पुरस्कार एवं उपहार प्रदान कर भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
समाज की ओर से प्रतिवर्ष प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान करने की यह परंपरा शिक्षा के प्रति जागरूकता और नई पीढ़ी को आगे बढ़ाने की दिशा में सराहनीय पहल है।
समाज की एकता और सामूहिक सहयोग की मिसाल
श्री विश्वकर्मा वंश सुथार विकास संस्था की यह पहल समाज की एकता, संगठन शक्ति, शिक्षा के प्रोत्साहन और सामूहिक सहयोग का प्रेरणादायक उदाहरण है। समाजबंधुओं के सहयोग और समर्पण से तैयार हुआ यह भव्य भवन आने वाली पीढ़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण धरोहर साबित होगा तथा भविष्य में समाज के विभिन्न आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा।
संबंधित खबरें

हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत तिरंगा रैली का हुआ आयोजन
जिला प्रशासन के अधिकारियों कर्मचारियों सहित आमजन ने भी लिया भाग

प्रकोष्ठ प्रभारियों की बैठक आयोजित
पंचायत एवं निकाय चुनावों के संबंध में प्रकोष्ठ प्रभारियों की बैठक का आयोजन हुआ।

अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति योजना का शुभारंभ
जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति योजना का विमोचन एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम...

आगामी स्वाधीनता दिवस की तैयारियों के संबंध में जिला कलेक्टर ने की समीक्षा
150 वर्ष पूर्ण होने पर कार्यक्रमों की सेल्फी हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड करने एवं अन्य को भी प्रेरित करने की बात कही।
कमेंट