पंचायत एवं निकाय चुनाव को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी ने दिए सख्त निर्देश
जिला निर्वाचन अधिकारी रोहिताश्व सिंह तोमर की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला स्तरीय बैठक आयोजित

सिरोही, 11 अगस्त। पंचायत एवं नगरीय निकाय चुनावों की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी रोहिताश्व सिंह तोमर की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधिकारियों, उपखंड अधिकारियों, विकास अधिकारियों, तहसीलदारों एवं नगरीय निकायों के प्रभारी अधिकारियों ने भाग लिया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य को सामूहिक सक्रियता, बेहतर समन्वय एवं समयबद्ध कार्यवाही के साथ पूरा किया जाना आवश्यक है। उन्होंने सभी अधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग से प्राप्त निर्देशों की समयबद्ध पालना सुनिश्चित करने तथा आवश्यक सूचनाओं का निर्धारित समय पर संप्रेषण करने के निर्देश दिए। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी बैठक में आदर्श आचार संहिता की पालना, चेकपोस्ट की स्थापना, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान, मतदान केंद्रों पर एएमएफ एवं ईएमएफ सुविधाएं, फ्लैग मार्च, गश्त एवं निगरानी व्यवस्था सहित विभिन्न चुनावी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मतदान केंद्रों का पूर्ण विवरण अद्यतन रखने तथा उपखंड मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से की जाने वाली कार्यवाही की नियमित जानकारी अपडेट करने के निर्देश दिए। उन्होंने एरिया डोमिनेशन सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा कार्यवाहियां प्रभावी रूप से सुनिश्चित करने को कहा। सोशल मीडिया पर भी रहेगी पैनी नजर तोमर ने चुनाव के दौरान सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान सभी स्तरों पर सक्रिय मॉनिटरिंग की जाए और किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक, भ्रामक अथवा चुनावी माहौल को प्रभावित करने वाली गतिविधि सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मतदान दलों के प्रशिक्षण और ईवीएम स्ट्रांग रूम की समीक्षा बैठक में उपखंड अधिकारियों, तहसीलदारों, विकास अधिकारियों एवं
नगरीय निकाय अधिकारियों से मतदान दलों के प्रशिक्षण, मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं, ईवीएम स्ट्रांग रूम, कमीशनिंग, विभिन्न अनुमति प्रकोष्ठों के गठन, स्वीप प्लान, मतदान सामग्री के वितरण एवं संग्रहण तथा रिटर्निंग अधिकारी से संबंधित कार्यों की जानकारी ली गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा में पूरी की जाएं तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं हो। मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने के निर्देश उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न स्तरों पर अनुमतियों के लिए गठित किए जाने वाले प्रकोष्ठों में आवश्यक कार्मिकों की नियुक्ति कर उन्हें निर्धारित जिम्मेदारियों के अनुरूप कार्य करने को कहा। पारदर्शी और भयमुक्त चुनाव कराने पर जोर जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी, स्वतंत्र, निष्पक्ष, भयमुक्त एवं प्रलोभन मुक्त वातावरण में संपन्न करवाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन आयोग द्वारा समय-समय पर जारी निर्देशों एवं आदेशों का गंभीरता से अध्ययन कर उनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न लेआउट प्लान, कार्य योजनाओं एवं अन्य चुनावी प्रक्रियाओं से संबंधित कार्य निर्धारित समय में पूर्ण कर मुख्यालय को भेजने को कहा। मतदाता सूचियों के अद्यतन का कार्य जारी बैठक में बताया गया कि मतदाता सूचियों को अद्यतन करने का कार्य भी जारी है। संबंधित निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी के कार्यालय में आवश्यक प्रक्रिया एवं आवेदन के माध्यम से मतदाता सूची से संबंधित कार्य करवाया जा सकता है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने इस कार्य को भी निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. राजेश गोयल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किशोर सिंह चौहान सहित जिले के समस्त उपखंड अधिकारी, पुलिस अधिकारी, विकास अधिकारी एवं नगरीय निकायों के प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें

हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत तिरंगा रैली का हुआ आयोजन
जिला प्रशासन के अधिकारियों कर्मचारियों सहित आमजन ने भी लिया भाग

प्रकोष्ठ प्रभारियों की बैठक आयोजित
पंचायत एवं निकाय चुनावों के संबंध में प्रकोष्ठ प्रभारियों की बैठक का आयोजन हुआ।

अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति योजना का शुभारंभ
जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति योजना का विमोचन एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम...

आगामी स्वाधीनता दिवस की तैयारियों के संबंध में जिला कलेक्टर ने की समीक्षा
150 वर्ष पूर्ण होने पर कार्यक्रमों की सेल्फी हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड करने एवं अन्य को भी प्रेरित करने की बात कही।
कमेंट