राष्ट्रीय पर्व पर नन्हे-मुन्नों को लड्डू से क्यों किया जा रहा वंचित? चार पर्वों से उठ रही मांग
राष्ट्रीय पर्व पर नन्हे-मुन्नों को लड्डू से क्यों किया जा रहा वंचित?

सिरोही। देवनगरी सिरोही में राष्ट्रीय पर्वों के अवसर पर सरकारी विद्यालयों के नन्हे-मुन्ने बालक-बालिकाओं को मिलने वाले लड्डू बंद होने का मामला एक बार फिर सामने आया है। राजस्थान राज्य कर्मचारी महासंघ के वरिष्ठ कर्मचारी नेता गोपाल सिंह राव पोसालिया ने जिला प्रशासन एवं नगर परिषद से पूर्व की भांति सभी सरकारी विद्यालयों में राष्ट्रीय पर्वों पर लड्डू वितरण की व्यवस्था बहाल करने की मांग की है। गोपाल सिंह राव ने बताया कि पूर्व में नगर परिषद के माध्यम से प्रत्येक सरकारी विद्यालय में विद्यालय के नामांकन के आधार पर लड्डुओं की व्यवस्था की जाती थी। राष्ट्रीय पर्व के विद्यालय स्तरीय कार्यक्रम के बाद सभी विद्यार्थियों को लड्डू वितरित किए जाते थे। इससे समारोह में शामिल प्रत्येक बालक-बालिका के चेहरे पर खुशी देखने को मिलती थी। चार राष्ट्रीय पर्वों से व्यवस्था में बदलाव राव ने बताया कि विगत चार राष्ट्रीय पर्वों से व्यवस्था में बदलाव के कारण सैकड़ों नन्हे-मुन्ने बालक-बालिकाएं बिना लड्डू के मायूस होकर घर लौट रहे हैं। वर्तमान व्यवस्था के तहत विद्यालयों में लड्डू भेजने के बजाय केवल अरविंद पेवेलियन में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में लड्डू वितरण किया जा रहा है। उनके अनुसार जिला स्तरीय कार्यक्रम में भी मुख्य रूप से पीटी परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागी विद्यार्थियों को ही लड्डू मिल पाते हैं। ऐसे में जिला स्तरीय समारोह में शामिल नहीं होने वाले अधिकांश विद्यार्थी लड्डू से वंचित रह जाते हैं। चार पर्वों से उठ रही मांग, फिर भी समाधान नहीं गोपाल सिंह राव ने कहा कि इस समस्या को लेकर जिला प्रशासन एवं नगर परिषद का विगत चार राष्ट्रीय पर्वों से लगातार ध्यान आकर्षित किया जा रहा है, लेकिन अभी तक व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व किसी एक कार्यक्रम में भाग लेने वाले विद्यार्थियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक विद्यार्थी के गौरव, उत्साह और देशभक्ति का पर्व है। इसलिए सरकारी विद्यालयों के सभी विद्यार्थियों को समान रूप से राष्ट्रीय पर्व की खुशी में सहभागी बनाया जाना चाहिए। भामाशाहों का जताया आभार वरिष्ठ कर्मचारी नेता राव ने पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की बालिकाओं के लिए विगत चार वर्षों से लड्डू वितरण में सहयोग कर रहे भामाशाहों का विशेष आभार जताया। उन्होंने श्रीमती टीपू बाई अभय चंद भानाजी परिवार, सिरोही-नारादरा-चेन्नई, नोपाजी पोशी देवी प्रजापति सेवा ट्रस्ट के भूपेश भाई प्रजापति, प्रतीक सोलंकी सहित सभी सहयोगी भामाशाहों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। राव ने कहा कि इन भामाशाहों के सहयोग से विद्यालय की बालिकाओं को राष्ट्रीय पर्वों पर लड्डू उपलब्ध हो रहे हैं। समाज के ऐसे सहयोगी व्यक्तियों की भावना अनुकरणीय है। गांवों में भामाशाहों का सहयोग, शहर में व्यवस्था का अभाव राव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायतों एवं स्थानीय भामाशाहों के सहयोग से राष्ट्रीय पर्वों को उत्साहपूर्वक और ऐतिहासिक रूप से मनाया जाता है। वहां मिठाई, पुरस्कार एवं अन्य आवश्यक संसाधनों के लिए स्थानीय स्तर पर भरपूर सहयोग मिलता है। उन्होंने कहा कि शहर में नगरीय प्रशासन एवं नगर परिषद की व्यवस्था होने के बावजूद सरकारी विद्यालयों को कई बार अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पाता। जिला स्तरीय कार्यक्रमों में सहभागी बालिकाओं को नृत्य की पोशाक, जेवरात एवं अन्य सामग्री के लिए कई बार विद्यालय अथवा अभिभावकों को अपने स्तर पर खर्च करना पड़ता है। उन्होंने यह भी कहा कि अधिकारियों के आवास एवं कार्यालयों में राष्ट्रीय गान, रंगोली सहित विभिन्न गतिविधियों के लिए विद्यार्थियों एवं विद्यालयों को बुलाया जाता है। ऐसी गतिविधियों में होने वाला खर्च भी कई बार विद्यालय अथवा विद्यार्थियों को अपने स्तर पर वहन करना पड़ता है।
“राष्ट्रीय पर्व की खुशी हर बच्चे तक पहुंचे” राजस्थान राज्य कर्मचारी महासंघ के वरिष्ठ कर्मचारी नेता गोपाल सिंह राव ने राज्य मंत्री ओटाराम देवासी, सांसद लुम्बाराम चौधरी एवं जिला प्रशासन से मामले में तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। उन्होंने नगर परिषद के माध्यम से सभी सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों के नामांकन के आधार पर लड्डू उपलब्ध कराने की पुरानी व्यवस्था पुनः शुरू करने की मांग की।
फोटो गैलरी
संबंधित खबरें

हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत तिरंगा रैली का हुआ आयोजन
जिला प्रशासन के अधिकारियों कर्मचारियों सहित आमजन ने भी लिया भाग

प्रकोष्ठ प्रभारियों की बैठक आयोजित
पंचायत एवं निकाय चुनावों के संबंध में प्रकोष्ठ प्रभारियों की बैठक का आयोजन हुआ।

अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति योजना का शुभारंभ
जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति योजना का विमोचन एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम...

आगामी स्वाधीनता दिवस की तैयारियों के संबंध में जिला कलेक्टर ने की समीक्षा
150 वर्ष पूर्ण होने पर कार्यक्रमों की सेल्फी हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड करने एवं अन्य को भी प्रेरित करने की बात कही।


कमेंट