हापुड़ में मिलेट्स की खेती से बढ़ेगी किसानों की आमदनी:स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद, नवीन मंडी में एक दिवसीय मिलेट्स महोत्सव का आयोजन

हापुड़ के नवीन मंडी परिसर में बुधवार को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन योजना के तहत एक दिवसीय जनपद स्तरीय मिलेट्स महोत्सव एवं कृषि मेले का आयोजन किया गया। हापुड़ विधायक विजयपाल आढ़ती ने फीता काटकर मेले का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में किसानों को मिलेट्स यानी मोटे अनाज की खेती, उपयोगिता और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई। विधायक विजयपाल आढ़ती ने कहा कि मिलेट्स स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होने के साथ किसानों के लिए भी लाभकारी फसल है। किसानों को मोटे अनाज की खेती को बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने लोगों से मिलेट्स से तैयार व्यंजनों को अपने भोजन में शामिल करने की अपील की। वैज्ञानिकों ने बताईं खेती की नई तकनीकें उप कृषि निदेशक योगेंद्र कुमार ने मिलेट्स फसलों के उत्पादन और उपयोगिता के बारे में जानकारी दी। कृषि विज्ञान केंद्र बाबूगढ़ के प्रभारी वैज्ञानिक डॉ. अरविंद यादव, डॉ. आशीष त्यागी और डॉ. पीके मडके ने किसानों को मिलेट्स, औद्यानिक फसलों और जायद में बोई जाने वाली फसलों की नई सघन पद्धतियों के बारे में बताया। बासमती निर्यात विकास प्रतिष्ठान, मोदीपुरम के वैज्ञानिक नेत्रपाल शर्मा ने किसानों को बासमती धान की खेती और उत्पादन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बेहतर उत्पादन के लिए वैज्ञानिक तरीके अपनाने पर जोर दिया। पशुओं के रोग और बचाव की भी दी जानकारी केंद्रीय गोवंश अनुसंधान संस्थान मेरठ के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. अजयवीर सिंह सिरोही ने पशुओं में होने वाले विभिन्न रोगों और उनकी रोकथाम के उपायों के बारे में किसानों को जानकारी दी। अधिकारियों ने किसानों से कृषि और पशुपालन में वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया। मेले में कृषि विभाग के साथ विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। यहां किसानों को कृषि संबंधी योजनाओं, तकनीकों और उत्पादों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में भूमि संरक्षण अधिकारी हिमांशु रंजन श्रीवास्तव, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ओमवीर सिंह, सहकारिता विभाग के अधिकारी, वैज्ञानिक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
स्रोत: Bhaskar
संबंधित खबरें

टेक्नोलॉजी
लालकुआं-साबरमती साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का संचालन शुरू:13 ट्रिप वाली यह ट्रेन आबू रोड स्टेशन पर रुकेगी
रेलवे ने त्योहारी सीजन में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए लालकुआं-साबरमती-लालकुआं साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा का संचालन शुरू किया है। यह ट्रेन क...
कमेंट